image

11 दिसंबर 2009, रायबरेली: अपने दो दिवसीय रायबरेली यात्रा के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होने उन्नाव जनपद से सटे सीमावर्ती गांवों की ओर से रायबरेली में प्रवेश किया और गांववालों से विकास कार्यों का हाल जाना।

 

11 दिसंबर 2009, रायबरेली: अपने दो दिवसीय रायबरेली यात्रा के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होने उन्नाव जनपद से सटे सीमावर्ती गांवों की ओर से रायबरेली में प्रवेश किया और गांववालों से विकास कार्यों का हाल जाना। उन्होने नरेगा, और मध्यान्ह भोजन योजनाओं का जायजा लिया और खुद इसका हाल जानने स्कूल तक गई। उन्होने केंद्र सरकार द्वारा चलाई जानेवाली इन योजनाओं के कार्यान्वयन पर नाखुशी जाहिर की और अधिकारियों को इसे ठीक ढ़ंग से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होने चंद्रमणिखेड़ा, प्रह्लाद खेड़ा, बरवड़या, रसूलपुर आदि गांवों का दौरा किया और गांववालों से उनका हालचाल पूछा।

धन्नीपुर की छात्रा ललिता ने कांग्रेस अध्यक्ष से मुलाकात की और अपने प्लास्टिक सर्जरी करवाने की मांग की। ललिता 11वीं में पढ़ती है और दीपक के गिरने से लगी आग बुझाने के दौरान वह जल गई थी। लालगंज की 70 वर्षीय विपाता रैदास, सोनिया गांधी से मिलकर काफी खुश थी जब उसकी मुलाकात कांग्रेस अध्यक्ष से ग्रामप्रधान के घर हुई। विपाता, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, संजय गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की आरती उतार चुकी है और उसे इस परिवार से काफी लगाव है !

अपने इस दौरे के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष को कई ऐसे अनुभवों से दो-चार होना पड़ा जो स्थानीय स्तर पर भ्रष्टाचार और विकास कामों के प्रति लापरवाही की ओर इशारा कर रहे थे। कांग्रेस अध्यक्ष ने इन सबको गौर से देखा और इसे अपने जेहन में समेटती गई। उन्होने लालगंज से बहाई की ओर जानेवाली डलमऊ रोड की हालत देखी जो अपने निर्माण के महज दो साल बाद ही जर्जर हो चुका था।

सोनिया गांधी ने डलमऊ में बने गंगा नदी के पुल का भी निरीक्षण किया। फिलहाल पुल पर हल्के वाहन ही चल रहे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि जल्द ही पुल को भारी वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा। तकरीबन 30 करोड़ की लागत से 1 किलोमीटर लंबा ये पुल साल 2005 में बनना शुरु हुआ था जो अब बनकर तैयार हो चुका है। इस पुल को केंद्रीय सड़क निधि से बनवाया जा रहा है।

बनपुरवा गांव में कांग्रेस अध्यक्ष ने पूर्व सैनिक चौधी प्रसाद लोधी के घर जाकर उनसे गांव की समस्याएं पूछी। गांववालों ने बिजली और सड़क का हाल सुनाया तो कांग्रेस अध्यक्ष ने इसे जल्द ही सुधारने का भरोसा दिलाया। उन्होने कई जरुरतमंद गांववालों को कंबल भी बांटे और नरेगा में मिलने वाली मजदूरी के बारे में पूछा। एक महिला ने कांग्रेस अध्यक्ष से महंगाई की वजह से बेटी की शादी में मदद दिलाने की गुहार की।