परशदेपुर। गरीबों के लिए बन रहे आवास निर्माण में धांधली की जा रही है। घटिया निर्माण सामग्री लगाने से खफा लोगों ने बुधवार को प्रदर्शन कर काम को रुकवा दिया। अफसरों के समझाने के बाद काम शुरू हो सका। केंद्र सरकार की आईएचएसडीसी (इंट्रीग्रेटेड हाउसिंग स्लम डेवलपमेंट प्रोग्राम) के तहत नगर पंचायत परशदेपुर में १०२८ मकान, चार बारात घर, तीन सामुदायिक केंद्र, सड़क और पानी की टंकी बननी है। इसकी कुल लागत ३८ करोड़ रुपए है। वहीं करीब ३०० मकान का निर्माण भी शुरू हो गया। कार्यदायी संस्था पर लगातार निर्माण कार्य में धांधली बरतने की शिकायत लोग करते रहे। इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। ठेकेदार मानकों को ठेंगा दिखाते हुए मनमाने ढंग से निर्माण सामग्री का इस्तेमाल कर रहे थे। भूकंप रोधी मकान बनवाने के बजाए महज खानापूरी की जा रही थी। बुधवार को बीम में सरिया न डालने पर लोगों ने हंगामा करते हुए काम रुकवा दिया। साथ ही मजदूरों को भी भगा दिया। इसकी खबर लगते ही कार्यदायी संस्था दर्शन कांस्ट्रक्शन में हड़कंप मच गया। संस्था के इंजीनियर एके श्रीवास्तव और जेपी शुक्ला ने लोगों को शांत कराया। साथ ही सभी बीम में सरिया डलवाने की बात कहते हुए निर्माण कार्य शुरू करा दिया।